चंडीगढ़। पंजाब में पहले चरण के कोरोना वैक्सीनेशन के साथ ही दूसरे चरण की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। दूसरे चरण में शामिल होने वाले लाभार्थी कोरोना टीके के लिए कोविन 2.0 और आरोग्य सेतु एप से भी पंजीकरण करा सकेंगे। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने बताया कि वैक्सीनेशन के अगले पड़ाव में 60 साल से अधिक और सह-रोगों से पीड़ित 45 से 60 साल तक की उम्र के व्यक्तियों को शामिल किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि ऐसे सभी नागरिक जिनकी उम्र 60 साल से अधिक है या जिनकी उम्र 1 जनवरी 2022 को 45 से 59 साल की हो जाएगी और वह किसी सह-रोग से पीड़ित हैं, का टीकाकरण किया जाएगा। इसकी सिफ़ारिश केंद्र सरकार द्वारा की गई है। इसको रजिस्टर्ड मेडिकल प्रेक्टिशनर द्वारा प्रमाणित किया जाएगा। सिद्धू ने बताया कि रजिस्टर्ड टीकाकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और इसको आसान बनाने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा कोविड-19 टीकाकरण मुहिम के पहले पड़ाव के लागूकरण के दौरान प्राप्त फीडबैक के आधार पर कोविन 2.0 पोर्टल लाया जा रहा है। लाभार्थी खुद को कोविन 2.0 पोर्टल या अन्य आईटी एप्लीकेशनों जैसे अरोग्य सेतु आदि द्वारा टीकाकरण के लिए पंजीकरण करा सकेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि टीकाकरण की सुविधा सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में पहले की तरह ही मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएगी और निजी स्वास्थ्य संस्थाओं में यह भारत सरकार द्वारा समय-समय पर तय दरों के अनुसार भुगतान के आधार पर मुहैया करवाई जाएंगी।