पंजाब सरकार ने 60 साल से कम उम्र के मामूली या बिना लक्षणों वाले कोरोना रोगियों की देखभाल की क्षमता बढ़ाते हुए राज्य के 10 जिलों में 7520 बिस्तरों की क्षमता के साथ नए लेवल-1 कोविड केयर सेंटर शुरू किए हैं। 100-100 बिस्तरों की क्षमता वाले ऐसे केंद्र बाकी 12 जिलों में भी जल्द ही खोले जाएंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता के मुताबिक जालंधर में 1000 बिस्तरों की क्षमता है। अमृतसर में 1000, पटियाला में 470, बठिंडा में 950, लुधियाना में 1200, संगरूर में 800, एसएएस नगर मोहाली में ज्ञान सागर अस्पताल में 500 बेड और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में 1000 बिस्तर, पठानकोट में 400, फाजिल्का में 100 और फरीदकोट में 100 बिस्तरों की क्षमता है।
7000 बिस्तरों की क्षमता वाले यह केंद्र मेरिटोरियस स्कूलों व अन्य संस्थाओं में चलाए जा रहे हैं। केस बढ़ने की सूरत में इन्हें 28000 बेडों तक बढ़ाया जा सकता है। इन केंद्रों को जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा है और इनमें बिना किसी लक्षण और शुगर व हाईपरटेंशन जैसी पुरानी बीमारियों वाले पॉजिटिव मरीजों को एकांतवास में रखने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
इन केंद्रों में उचित सफाई और सुरक्षा सुविधाओं के साथ-साथ बढ़िया बेड हैं। इनकी निगरानी डॉक्टरों, नर्सों, फार्मासिस्टों, स्वास्थ्य प्रशासकों और काउंसलरों द्वारा की जा रही है। यहां आक्सीजन, ईसीजी, मेडिकल सप्लाई आदि जैसी जरूरी सभी आपातकालीन सेवाएं भी मौजूद हैं।
मरीजों के लिए ये हैं सुविधाएं
इन केंद्रों में दाखिल मरीजों को दिन में तीन बार खाना देने के अलावा दो बार चाय दी जा रही है। इन मरीजों की दिन में तीन बार जांच भी होती है। मरीज का स्वास्थ्य खराब होने की स्थिति से निपटने के लिए इन केंद्रों में एंबुलेंस सहित सभी उचित प्रबंध किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत बड़े केंद्र में ले जाया जा सके।
मनोवैज्ञानिक और ऑनलाइन परामर्श लेने के लिए समर्पित हेल्पलाइन नंबर 104, 0172 -2920074, 1800-180-4104 भी मौजूद हैं। ई-संजीवनी पोर्टल भी सहायता के लिए उपलब्ध है।