ऑस्ट्रेलिया का स्टडी वीजा लगाने का झांसा दे 350 से अधिक लोगों को ठगने के मामले में अब चंडीगढ़ पुलिस ने अब एसपी (सिटी) की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन कर दिया है। यूटी पुलिस द्वारा दी गई इस जानकारी पर हाईकोर्ट ने एसआईटी को 10 जनवरी तक रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं।
31 मार्च 2017 को अरविंद सहित अन्य के खिलाफ कई लोगों ने शहर के नार्थ पुलिस थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार आरोपी ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया का स्टडी वीजा लगाने का झांसा दे करोड़ों रूपए हड़प लिए हैं। जिला अदालत से अग्रिम जमानत खारिज हो जाने के बाद आरोपी अरविंद ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की मांग को लेकर याचिका दायर की थी।
सुनवाई के दौरान इस मामले के कई और शिकायतकर्ताओं ने अरविंद की जमानत का विरोध किया था। हाईकोर्ट को बताया गया कि इसने लगभग 400 लोगों को ऑस्ट्रेलिया का स्टडी वीजा लगवाने के लिए प्रतिव्यक्ति 3 से 5 लाख रूपए लिए थे और सभी का स्टडी वीजा रिजेक्ट हो गया था।
शिकायतकर्ताओं को ऑस्ट्रेलिया की एम्बेसी की वेबसाइट से पता चला की उनका वीजा अप्लाई ही नहीं किया गया था। हाईकोर्ट ने एक बार तो इस मामले की सीबीआई जांच तक करवाने चेतवानी दे दी थी। अब चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में एसपी सिटी की अध्यक्षता में एसआईटी गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।