पंचकूला। घरों से कूड़ा कलेक्शन, सेग्रीगेशन और ट्रांसपोर्टेशन के लिए नगर निगम पंचकूला की ओर से टेंडर लगा दिया गया है। यह 13 जनवरी 2022 को खुलेगा। चयनित एजेंसी को पहले 1 साल के लिए काम दिया जाएगा। नगर निगम द्वारा कूड़ा कलेक्शन का काम एजेंसी के जरिए शुरू होने के बाद लोगों को मासिक भुगतान नहीं करना पड़ेगा। पूरे निगम एरिया से लगभग 143 टन रोजाना कूड़ा निकलता है।
पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल ने बताया कि चयनित एजेंसी को हर घर से कूड़ा इकट्ठा करना होगा। कॉमर्शियल एरिया, पब्लिक और रेजिडेंशियल एरिया के डस्टबिनों से भी कूड़ा उठाना होगा। गाड़ियों पर कूड़ा एकत्रित करने के लिए समय सारिणी लिखनी होगी। एजेंसी को पिट्स, विंडरोज, बायो मेथेनेशन, आरडीएफ पेलेट्स इत्यादि प्लांट का टेक्नोलॉजी के हिसाब से नगर निगम की सलाह से प्रोसेसिंग करनी होगी। मेयर कुलभूषण गोयल ने बताया कि एजेंसी को शहर के किसी भी घर से, वल्क वेस्ट जनरेटर, इंस्टीट्यूशन और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन से कोई भी चार्ज लेने का अधिकार नहीं होगा।
एजेंसी को एनजीटी की हिदायतों के अनुसार हेजार्डस वेस्ट, बायो मेडिकल वेस्ट कॉल करना होगा। शहर के कूड़े को अलग-अलग करके डंपिंग ग्राउंड तक पहुंचाना होगा। अर्बन लोकल बॉडी विभाग की कंसल्टेशन के हिसाब से पूरा कूड़ा 12 बजे से पहले इकट्ठा करना होगा। पूरी मॉनिटरिंग के तहत मैनेजमेंट इनफॉरमेशन सिस्टम, सीसीटीवी कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक वेट ब्रिज, मूवेबल इन्वेंटरी, रेडियो फ्रिकवेंसी, एडेंटीफिनेशन डिवाइस लगानी होगी। मेयर कुलभूषण गोयल ने कहा कि इस समय शहर से जो लोग कूड़ा इकट्ठा कर रहे हैं, उनको भी एजेंसी के जरिए एडजस्ट किया जाएगा ताकि किसी का रोजगार न छिने।
अब शहरवासियों को नहीं होगी दिक्कत
गौरतलब है कि इस समय शहर के अलग-अलग सेक्टरों में कई कूड़ा इकट्ठा करने वाले लोग काम कर रहे हैं, जोकि शहरवासियों से मनमाने रेट वसूल ले रहे हैं। अपनी मर्जी से कूड़ा इकट्ठा करने आते हैं और कई बार आते भी नहीं है, जिस कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। अब नगर निगम द्वारा एजेंसी को काम सौंपने के बाद शहर वासियों को ऐसी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस समय यह लोग कूड़ा भी अलग नहीं करते, जिस कारण स्वच्छ सर्वेक्षण में भी निगम को काफी नंबरों का नुकसान उठाना पड़ता है।