पंचकूला। जिले में शनिवार को कोरोना के तीन नए मामले सामने आए हैं। फिलहाल जिले में चार कोरोना संक्रमित मरीज हैं। इनमें से दो मरीज अपने घरों पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, वहीं दो मरीजों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोरोना मरीज मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को 102 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट रविवार को आएगी।
कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 44137 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 43719 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और 414 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 613346 लोगों के सैंपल जांचे हैं।