पंचकूला। कोरोना संक्रमण से जिले में सोमवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो संक्रमित मिले हैं। कोरोना से पंचकूला सेक्टर-23 निवासी 62 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ा है। इस तरह जिले में कोरोना का संक्रमण अब गिरकर 0.42 फीसदी पर आ चुका है। कोरोना का रिकवरी रेट भी 98.40 फीसदी तक पहुंच गया है।
सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि जिले में सोमवार को दो संक्रमित मिले हैं। यह दोनों ही पंचकूला के हैं। सीएमओ ने बताया कि अब तक जिले में कोरोना के 351071 सैंपल लिए जा चुके हैं। इस दौरान 40102 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इसमें से 30461 पाजिटिव सैंपल पंचकूला के थे। अब तक कोरोना संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या 29974 है। वहीं कोरोना संक्रमण के कारण अब तक जिले में 364 की मौत हो गई है।
पंचकूला में सोमवार को खटौली का एक और सेक्टर-23 का एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। डॉ. जसजीत कौर ने बताया है कि कोरोना का संक्रमण जिले में कम हो रहा है, पर लोग सामाजिक दूरी का पालन कर मास्क अवश्य लगाएं। इसके साथ ही सरकारी निर्देशों के अनुसार सैनिटाइजेशन भी करें।