पंचकूला। कोरोना संक्रमण के दौर में मां चिंतपूर्णी ट्रस्ट, श्री श्याम परिवार और अग्रवाल हेल्पलाइन ट्रस्ट ने पीड़ित परिवारों तक खाना पहुंचाने का संकल्प लिया है। वर्तमान में उक्त संगठन करीब 450 कोरोना ग्रस्त परिवारों तक भोजन पहुंचा रहे हैं। इसके लिए संगठनों ने पंचकूला को तीन भागों में बांटा हुआ है। संगठनों ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 8566889000 जारी किया है। इस नंबर पर कॉल या संदेश भेजकर पीड़ित परिवार खाना मंगा सकते हैं।
मां चिंतपूर्णी ट्रस्ट के प्रधान अमित जिंदल ने बताया कि पंचकूला में कोरोना के बढ़ते प्रभाव के कारण शहर में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। कुछ परिवार कोरोना में गंभीर हालत होने की वजह से खाना नहीं बना पा रहे हैं। ऐसे परिवारों को खाना पहुंचाने के लिए यह हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। मदद के लिए पंचकूला को तीन भागों में बांटा गया है।
एक कनाल की कोठी से लेकर चार मरले के मकान में रहने वाले कोरोना संक्रमित मरीज भी खाना के लिये कॉल कर रहे हैं। अमित जिंदल ने कहा कि हमें खुशी है कि खाने का दुरुपयोग नहीं हो रहा है। खाने के साथ फल, खीरा, नींबू भी भेजा जा रहा है। यह खाना माता मनसा देवी भंडारा में तैयार करवाया जा रहा है। अमित जिंदल ने बताया कि यह सर्विस निशुल्क है। नाश्ता के लिए (पहली रात्रि को) सायं 7 बजे, लंच के लिए सुबह 10:30 बजे और डिनर के लिए सायं 4:30 बजे से पहले कॉल या मैसेज करना होगा। इसमें उनके साथ मुकेश सिंगला, श्री श्याम परिवार से संजय सिंगला, चार्टेड अकाउंटेंट संजय अग्रवाल, अग्रवाल हेल्पलाइन के प्रधान राकेश अग्रवाल और वित्त सचिव नितिन अग्रवाल जुटे हैं।