चंडीगढ़। पंजाब के संगरूर जिले के शेरों गांव में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति से कथित हिरासत में मारपीट का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने राज्यसभा सांसद तरुण चुघ की शिकायत पर इस मामले का संज्ञान लिया है।
शिकायत में कहा गया कि पीड़ित मोहनजीत नशे के विरोध में काला झंडा दिखाकर प्रदर्शन कर रहा था। आरोप है कि पंजाब पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कथित तौर पर मारपीट की। उसे थर्ड डिग्री टॉर्चर भी दिया गया। मोहनजीत के परिवार के सदस्यों से भी दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं।
आयोग के निर्देश :
आयोग ने पंजाब के मुख्य सचिव, डीजीपी पंजाब, पुलिस अधीक्षक संगरूर और जिलाधिकारी संगरूर को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्हें दो सप्ताह के भीतर बिंदुवार कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। आयोग ने पीड़ित का तत्काल मेडिको लीगल परीक्षण कराने तथा संबंधित पुलिस परिसर की पूरी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने को कहा है। एफआईआर, हिरासत रिकॉर्ड, पूछताछ से जुड़े पुलिसकर्मियों का विवरण और सभी महत्वपूर्ण साक्ष्य भी प्रस्तुत करने होंगे।