चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य में कोविड की स्थिति में कुछ सुधार पर संतोष जाहिर करते हुए संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए नियमों का सख्ती से पालना करवाने का आदेश दिया। इसके अलावा घरेलू एकांतवास के मामलों में व्यक्तिगत तौर पर निगरानी के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल मीटिंग के दौरान कहा कि मोहाली समेत अन्य शहरों में संक्रमण दर ज्यादा है। ऐसे शहरों में अधिक सख्ती करने की जरूरत है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने संख्या बढ़ाते हुए रोज 2 लाख लोगों को टीका लगाने को कहा। कैप्टन ने अपनी मांग दोहराई कि केंद्र सरकार को अधिक मामलों वाले इलाकों में 45 साल से कम उम्र वर्ग के लोगों के टीकाकरण की भी इजाजत दी जानी चाहिए, क्योंकि वायरस के यूके स्ट्रेन से नौजवान अधिक शिकार हुए हैं। उन्होंने मुख्य सचिव विनी महाजन को केंद्र सरकार के पास इस मामले की पैरवी करने का आदेश दिया।
बैठक में डॉ. केके तलवार ने इस बात पर जोर दिया कि 45 साल से कम उम्र के जो लोग गुर्दे और जिगर की बीमारी से पीड़ित हैं, उन्हें कम से कम कोरोना से बचाव की वैक्सीन देनी चाहिए।
पंजाब के पास इस समय 4 लाख टीके उपलब्ध : मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब के पास इस समय पर स्टॉक में 3 लाख कोविशील्ड और एक लाख कोवैक्सीन मौजूद है। खुराकों की उपलब्धता हर समय यकीनी बनाई जानी चाहिए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि ‘कोविन’ पोर्टल अपडेट होता रहे, जिससे असली स्थिति का पता लगता रहे। उन्होंने कहा कि वैक्सीन की किसी तरह की बर्बादी न हो। उन्होंने टीके लगाने वालों के लिए ओवरटाइम भत्ते और साप्ताहिक छुट्टी तुरंत देने का आदेश दिया, जिससे उन पर बोझ घटाया जा सके।
फूड किट बांटने की भी शुरुआत की : मुख्यमंत्री ने वीरवार को फूड किट बांटने की भी शुरुआत की। ये उन्हें दी जाएंगी जो गरीब हैं और रिकवरी के दौरान अपना रोजगार चले जाने के कारण उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है। किट में 10 किलो गेहूं का आटा, 2 किलो काले चने और 2 किलो चीनी होगी। कैप्टन ने निर्देश दिया कि फतेह किट उपयुक्त मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन यह यकीनी बनाना जरूरी है कि इसे मरीज के संक्रमित मिलने पर उसी दिन पहुंचाई जाए।