जनप्रतिनिधियों की मांग पर विधायक ने क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण के भी दिए निर्देश
ककराली-टोडा सड़क पर करीब 80 लाख रुपये होंगे खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। ककराली-टोडा सड़क और टोड़ा गांव की क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण कार्य को जल्द गति मिलेगी। जनप्रतिनिधियों की मांग पर विधायक शक्ति रानी शर्मा ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बातचीत कर लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सड़क और पुलिया दोनों परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
रायपुररानी मंडल अध्यक्ष रोहित सैनी, बीडीसी चेयरमैन सतबीर सिंह और अन्य कार्यकर्ताओं ने विधायक से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने ककराली-टोड़ा सड़क, टोड़ा गांव की क्षतिग्रस्त पुलिया, हरयोली गांव में श्री गुरु रविदास भवन के लिए लंगर हॉल तथा लश्करीवाला गांव में टांगरी नदी के मुहाने पर खेतों की सुरक्षा के लिए डंगा निर्माण की मांग उठाई।
मांगों पर संज्ञान लेते हुए विधायक शक्ति रानी शर्मा ने मौके पर ही पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन से फोन पर बातचीत की और सड़क एवं पुलिया निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
विधायक ने बताया कि ककराली से टोड़ा गांव तक करीब 80 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा लगभग तीन वर्ष पहले बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई टोड़ा गांव की पुलिया का पुनर्निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा।
बीडीसी चेयरमैन सतबीर सिंह और मंडल अध्यक्ष रोहित सैनी ने क्षेत्रवासियों की ओर से विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर विधायक का आभार जताया। इस अवसर पर नायब भूड़, अनिल चौधरी भूड़, शुभम शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।