संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत वोकेशनल टीचर्स की वेतन वृद्धि पर शिक्षा विभाग के साथ सहमति बनने पर मंगलवार को क्रमिक अनशन समाप्त हो गई है। आपसी सहमति बनने पर अधिकारियों ने जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त करवाया। वोकेशनल टीचर्स के राज्य प्रधान अनूप ढील्लों ने बताया कि मंगलवार सुबह शिक्षा सदन में जितेंंद्र कुमार स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर के साथ उनकी बैठक हुई। बैठक में वोकेशनल टीचर्स के वेतन वृद्धि के आदेश जारी किए गए हैं।
अन्य मांगों को पूरा करने के लिए विभाग ने आश्वासन दिया है। तबादले को लेकर भी विभाग ने जल्द कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है। सोमवार को सेक्टर-5 धरनास्थल पर वोकेशनल टीचर्स अपनी मांगों को लेकर क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे थे। इसकी शुरुआत राज्य कार्यकारिणी द्वारा की गई थी। इसमें 19 सदस्यों ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर आंदोलन की शुरूआत की थी। वोकेशनल टीचर्स ने भूख हड़ताल के साथ ही विधानसभा का घेराव करने का एलान किया था। इसी के मद्देनजर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।