हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला।
- फोटो : फाइल फोटो
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बीजेपी-जेजेपी (भारतीय जनता पार्टी- जननायक जनता पार्टी) गठबंधन सरकार पर सवाल उठाने वाले कांग्रेसी नेताओं को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगर अविश्वास की कोई बात होगी तो वो कांग्रेस में ही होगी, इसलिए आज कांग्रेसियों को गठबंधन सरकार की चिंता छोड़कर खुद के बारे में आत्मचिंतन करने की आवश्यकता है। प्रदेश में निरंतर बेहतर कार्य करते हुए मौजूदा बीजेपी-जेजेपी की गठबंधन सरकार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।
पत्रकारवार्ता में बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम ने कांग्रेस के प्रति कपिल सिब्बल के बगावती सुरों का जिक्र करते हुए हरियाणा कांग्रेस पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में राष्ट्रीय स्तर पर मची कलह की आंच हरियाणा तक पहुंचने में ज्यादा समय नहीं है।
कहीं ऐसा न हो जाए कि सोनिया गांधी प्रदेश में कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला को ताकत देकर पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा व उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा को रीकॉल कर दें, इसलिए अविश्वास की बात करने वाले नेता अपनी पार्टी में झांकें और खुद के लिए आत्मचिंतन करें। जिस संगठन में विश्वास नहीं, उनके नेताओं द्वारा आज अविश्वास की बातें करना शोभा नहीं देता।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसी शुरू से ही गठबंधन सरकार गिरने के सपने देख रही है, जबकि गठबंधन सरकार निरंतर मजबूती के साथ चल रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार पर प्रदेश की जनता को पूरा विश्वास है। बरोदा की जनता ने उपचुनाव में गठबंधन उम्मीदवार को पिछले चुनाव के मुकाबले करीब साढ़े 14 हजार वोट अधिक दिए हैं।
दुष्यंत चौटाला ने उपचुनाव के परिणाम के बारे में कहा कि गांव भैंसवाल में विधानसभा 2019 के चुनाव में जेजेपी उम्मीदवार भूपेंद्र मलिक को करीब 1786 और बीजेपी उम्मीदवार पहलवान योगेश्वर दत्त को करीब 1703 वोट मिले थे। अब उपचुनाव में भैंसवाल गांव में गठबंधन उम्मीदवार को करीब 3600 वोट मिले है। करीब 50 हजार वोट हासिल करना बीजेपी-जेजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा मिलकर मेहनत करने का नतीजा है।