पंचकूला। हरियाणा कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान अब सार्वजनिक मंचों पर भी नजर आने लगी है। पंचकूला के बिश्नोई भवन में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की प्रतिमा के अनावरण समारोह के दौरान ऐसा ही एक घटनाक्रम सामने आया जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।
रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं जबकि पंचकूला के विधायक चंद्रमोहन ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो रहा था लेकिन समापन के दौरान एक छोटी सी घटना ने कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति को उजागर कर दिया।
दरअसल, जब कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुमारी सैलजा बाहर निकल रही थीं तो कार्यकर्ता और समर्थक कतार में खड़े होकर उनका अभिवादन कर रहे थे। इसी दौरान नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी के पति रामकिशन गुर्जर भी वहां मौजूद थे। जैसे ही सैलजा उनके पास पहुंचीं, उन्होंने अभिवादन से पहले ही मुंह दूसरी ओर फेर लिया और बिना प्रतिक्रिया दिए आगे बढ़ गईं। इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए जबकि रामकिशन गुर्जर भी असहज नजर आए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह पूरा मामला हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव से जुड़ा हो सकता है। चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग को लेकर पार्टी में पहले ही असंतोष है। विधायक शैली चौधरी उन पांच विधायकों में शामिल हैं जिन्हें इस मामले में नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा रामकिशन गुर्जर ने भी चुनाव के बाद हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कोशिशों में जुटी है। बावजूद इसके, सार्वजनिक मंच पर दिखी यह दूरी पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर रही है। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी चर्चाएं और तेज हो गई हैं।