महंगे हुए कॉमर्शियल सिलिंडर, ऊपर से सप्लाई ठप छोटे कारोबारियों की कमर टूटी
993 रुपये बढ़ोतरी के बाद भी एजेंसियों में किल्लत, हफ्तों इंतजार के बाद मिल रहा गैस प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। कॉमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी के बावजूद पंचकूला में गैस की सप्लाई पटरी पर नहीं लौट पाई है। हालात यह हैं कि गैस एजेंसियों पर सिलिंडर की कमी के कारण छोटे दुकानदारों का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। चाय-नाश्ते से लेकर ढाबों तक, कारोबार ठप होने की कगार पर पहुंच गया है।
दुकानदारों का कहना है कि एक तरफ महंगाई पहले से ही कमर तोड़ रही थी, वहीं अब गैस की अनुपलब्धता ने स्थिति और गंभीर बना दी है। एजेंसियों के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें एक 8 से 10 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई मामलों में अधिक कीमत देने के बाद ही सिलिंडर मिल पा रहा है जिससे असंतोष बढ़ रहा है।
गैस की कमी का सीधा असर बाजार पर दिखने लगा है। खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं और कई छोटे दुकानदारों को अपनी दुकानें अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ रही हैं। बढ़ती कीमतों और घटती सप्लाई के बीच छोटे कारोबारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो इसका असर शहर की रोजमर्रा की अर्थव्यवस्था पर और गहरा सकता है।
मार्केट में आधी दुकानें बंद हो गईं
कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की सप्लाई महंगाई होने के बाद नहीं हो पा रही है। इस कारण कई दुकानें बंद हो गई हैं। सिलिंडर नहीं मिलने के कारण दुकानदारों का काम प्रभावित है। सभी खाने-पीने की चीजें महंगी हो गई हैं।
-रिपुदमन, प्रधान, रेहड़ी मार्केट, सेक्टर-15
अभी तक भट्ठी जला रहे, नहीं मिल रही गैस
मेरा ढाबा का काम है। भट्टी पर खाना पका रहे हैं। गैस सिलिंडर नहीं मिलने के कारण शाम के समय दुकान बंद हो जाती है। इसलिए कारोबार प्रभावित है। अभी तक इस समस्या का निदान नहीं हो पाया है।
-सुनील कुमार, रेहड़ी मार्केट, सेक्टर-15
गैस एजेंसी में नहीं आ रही गाड़ी
आशीर्वाद सेक्टर-16 गैस एजेंसी के संजीव खुल्लर ने बताया कि गैस एजेंसी से कॉमर्शियल सिलिंडर की गाड़ी देरी से आ रही है। इस कारण कॉमर्शियल गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है और कारोबार प्रभावित हो रहा है। राजिंद्रा गैस एजेंसी रामगढ़ के मालिक करन सिद्धू ने बताया कि पहले गाड़ी खुद गैस एजेंसी में आती थी, अब सिलिंडर लेने खुद जाना पड़ रहा है इसलिए यह हालात बने हुए हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है और एजेंसियों को समय पर सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आधिकारिक कोट
सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि कॉमर्शियल सिलिंडर छोटे कारोबारियों को समय पर उपलब्ध कराए जाएं। यदि जांच में कोई कमी मिली तो गैस एजेंसी संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। -सतपाल शर्मा, डीसी, पंचकूला