इंदिरा कॉलोनी में 12 वाहनों के चालान के बाद बढ़ा आक्रोश, पुलिस के आश्वासन पर खुला जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-16 स्थित इंदिरा कॉलोनी के बाहर खड़े वाहनों पर कार्रवाई के बाद शनिवार को कॉलोनीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में करीब 12 वाहनों के चालान कर उन्हें इंपाउंड किए जाने के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दी। बाद में पुलिस के आश्वासन के बाद जाम खोल दिया गया और यातायात सामान्य हो सका।
जानकारी के अनुसार डीसीपी ट्रैफिक अमरिंदर सिंह शनिवार दोपहर सेक्टर-16 स्थित इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र के निरीक्षण पर पहुंचे थे। इस दौरान सड़क किनारे और फुटपाथ पर खड़े करीब 12 वाहनों के चालान किए गए और उन्हें इंपाउंड कर लिया गया।
कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध बढ़ने पर लोगों ने सेक्टर-16 पुलिस चौकी जाने वाली सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। सेक्टर-16 पुलिस चौकी के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि कॉलोनी में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण उन्हें मजबूरी में वाहन बाहर खड़े करने पड़ते हैं। उनका आरोप था कि वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना चालान की कार्रवाई करना उचित नहीं है।
कुछ समय तक चले विरोध के बाद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया, जिसके बाद इंपाउंड किए गए वाहनों को छोड़ दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया और सड़क पर यातायात सामान्य हो गया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कॉलोनी के आसपास उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।