पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की बारिश, सुबह-शाम दृश्यता शून्य के करीब, एक्यूआई 265 पर पहुंचा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हुई, जिसके बाद ठिठुरन भरी ठंड और बढ़ गई। वीरवार को सुबह करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलीं जिससे लोगों की कंपकंपी छूट गई।
मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता कई इलाकों में शून्य के करीब पहुंच गई। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और यातायात प्रभावित रहा।
हवा चलने और हल्की बारिश के बाद शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 265 दर्ज किया गया। हालांकि हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे रहने से प्रदूषण में कुछ हद तक सुधार हुआ लेकिन ठंड का असर बरकरार रहा।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक ठंड के साथ बारिश के आसार बने हैं। दो जनवरी को भी बारिश की संभावना जताई है। पहाड़ों में बर्फबारी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के चलते ठंड और बढ़ सकती है।
पंचकूला सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरएस चौहान ने बताया कि इस स्तर का प्रदूषण बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और सांस व हृदय रोगियों के लिए खतरनाक है। आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत, खांसी और एलर्जी की शिकायतें बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे मौसम में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की। वहीं प्रदूषण नियंत्रण विभाग के पंचकूला क्षेत्रीय अधिकारी सुधीर मोहन ने बताया कि हवा चलने से एयर क्वालिटी में कुछ सुधार दर्ज किया गया है।