पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित धरना स्थल पर बैठे एक्सटेंशन लेक्चरर्स 16 फरवरी को मुख्यमंत्री मनोहरलाल के निवास का घेराव करेंगे। प्रदेश भर से 2000 से अधिक एक्सटेंशन लेक्चरर्स पंचकूला पहुंचेंगे। इसके बाद धरनास्थल से चंडीगढ़ की तरफ कूच करेंगे। प्रदेश की विपक्षी पार्टियों ने भी एक्सटेंशन लेक्चरर्स को अपना समर्थन दिया है। आम आदमी पार्टी के नेता नवीन जयहिंद 16 फरवरी को एक्सटेंशन लेक्चरर्स के साथ घेराव में शामिल होंगे। यह एक्सटेंशन लेक्चरर्स 37 दिनों से अपना आंदोलन चला रहे हैं। कड़ाके की ठंड और बारिश में एक टेंट के नीचे रात गुजारने को मजबूर हैं। इनकी मांग है कि इन्हें जॉब सिक्योरिटी दी जाए। इस भीषण ठंड में अपना घर परिवार छोड़कर महिला एक्सटेंशन लेक्चरर विवशता के साथ चूल्हे में खाना बना रही हैं।
पंचकूला सेक्टर-1 रेड बिशप में आयोजित पत्रकार वार्ता में एक्सटेंशन लेक्चरर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के राज्य अध्यक्ष ईश्वर सिंह, ज्वाइंट सेक्रेटरी सरोज दहिया, महिला राज्य कार्यकारिणी सदस्य डॉक्टर इंदू, शैली, पूजा ने बताया कि लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। अपने छोटे-छोटे बच्चों को भी साथ लेकर आई हैं, इसके बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एक्सटेंशन लेक्चरर ने बताया कि सरकार नई भर्तियां निकालकर सबको बेरोजगार करना चाहती है। आक्रोशित लेक्चरर्स ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है तो वे वहां से नहीं हिलेंगे और यही पर धरना देंगे। ईश्वर सिंह ने बताया कि एक्सटेंशन लेक्चरर्स की मुख्य मांग रोजगार, सुरक्षा, महंगाई भत्ता और सर्विस रुल लागू करना है।