सुनील का ऑलराउंड कमाल, 51 रन के साथ 2 विकेट बने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। विल टू विन क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में क्लब 18 ने रेड विंग्स को 25 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में सुनील ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 51 रन बनाने के साथ 2 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का खिताब हासिल किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए क्लब 18 ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 181 रन बनाए। टीम की ओर से वेद मलिक ने 46 रन और सुनील ने 51 रन की शानदार पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम मजबूत स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
गेंदबाजी में रेड विंग्स के अनिल ठाकुर और मुनिश शर्मा ने 1-1 विकेट लिया, लेकिन क्लब 18 के बल्लेबाजों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा सके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेड विंग्स की टीम 18 ओवर में 156 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम के कप्तान अशोक बिष्ट ने 47 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
क्लब 18 की गेंदबाजी प्रभावशाली रही। शेखर राणा ने 4 विकेट झटके, जबकि राहुल और सुनील ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।