सेक्टरों में अस्थायी डंपिंग स्थल हटाए, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था मजबूत
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने स्वच्छता अभियान तेज करते हुए 30 से अधिक कूड़ा पाॅइंट बंद कर दिए हैं। बंद किए गए स्थानों के साथ वैकल्पिक व्यवस्था भी लागू की गई है, जिससे लोगों को परेशानी न हो।
नगर निगम आयुक्त विनय कुमार के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत सेक्टर-4, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 12ए, 15, 16, 17, 20, 21 और एमडीसी क्षेत्र के कई कूड़ा पाॅइंट बंद किए गए हैं। निगम अधिकारियों के अनुसार इन अस्थायी डंपिंग स्थलों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है।
इसके साथ ही शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि लोग घर से ही कचरा दे सकें और खुले में कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगे।
मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन के नेतृत्व में टीम लगातार निगरानी कर रही है और लोगों को जागरूक भी कर रही है, ताकि बंद किए गए स्थानों पर दोबारा कूड़ा न डाला जाए।
निगम आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और कचरा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही दें, ताकि पंचकूला को साफ और सुंदर शहर बनाया जा सके।