चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस में चतुर्थ श्रेणी के कर्मियों ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए विभाग में शोषण का आरोप लगाया है। हाईकोर्ट ने याची पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद याचिका पर गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव व डीजीपी को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।
सतीश कुमार व अन्य ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए बताया कि वह हरियाणा पुलिस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। चतुर्थ श्रेणी के कर्मियों का विभाग में शोषण किया जा रहा है। नियमों के मुताबिक उन्हें शनिवार और रविवार को अवकाश दिया जाना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। इतना ही नहीं जो राजपत्रित अवकाश हैं उनके लाभ से भी याचिकाकर्ताओं को वंचित रखा जा रहा है।
याची ने कहा कि नियमों के अनुसार उनका काम का समय केवल 8 घंटे है, लेकिन 12 घंटे से ज्यादा काम करवाया जाता है। याची ने हाईकोर्ट से अपील की कि उन्हें इंसाफ दिलाया जाए और अवकाश व काम के समय को लेकर उचित निर्देश जारी किए जाएं। याची पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने याचिका पर गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव व डीजीपी को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।