संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। पंजाब पुलिस की नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत मोगा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर मोगा के अमृतसर रोड से दिल्ली कॉलोनी जाने वाली सड़क से दबिश देकर पुलिस ने 1 किलो 270 ग्राम हेरोइन और 2 मोबाइल फोन के साथ तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है
एसपी (डी) बालकृष्णन सिंगला ने बताया कि मोगा सीआईए स्टाफ को बीते वीरवार को गश्त के दौरान एक खास मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दिल्ली कॉलोनी के पास तीन युवक हुसनदीप सिंह, गौतम और आकाशदीप सिंह हेरोइन बेचने का काम करते हैं। वे अमृतसर रोड से दिल्ली कॉलोनी जाने वाले सड़क पर हेरोइन बेचने फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ ने उक्त स्थान पर दबिश दी और तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। उनकी तलाशी लेने पर 1 किलो 270 ग्राम हेरोइन और दो मोबाइल बरामद हुए। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी मोगा में मामला दर्ज किया गया है। आकाशदीप सिंह के ऊपर मोगा सिटी थाने में पास्को एक्ट के तहत एक मामला, गौतम पर एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज हैं। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया।