पंचकूला। निपुण हरियाणा मिशन के तहत जिले में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिले के चारों खंडों पिंजौर, बरवाला, मोरनी और रायपुररानी में छह दिवसीय बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें करीब 1030 प्राथमिक शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। बरवाला, मोरनी और रायपुररानी में प्रशिक्षण का अंतिम बैच चल रहा है।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण तकनीकों से दक्ष बनाना है, ताकि बच्चे खेल, कहानी और पहेलियों के माध्यम से पढ़ना, लिखना और गणित सीख सकें। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की आधारशिला है। शिक्षकों को नई शिक्षण विधियों और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए प्रशिक्षित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों को विद्यालयों में अपनाने का आह्वान किया।