चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अधिकारियों को श्री आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला के आयोजन संबंधी पुख़्ता प्रबंध करने के आदेश दिए हैं। इस विशाल समारोह के प्रबंधों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को बुलाई गई उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि होला मोहल्ला पंजाबियों और खासतौर पर सिख समुदाय के जुझारू जज्बे का प्रतीक है। श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर होने वाले समारोहों में अलग-अलग वर्गों के श्रद्धालु भारी संख्या में शामिल होते हैं। इस पवित्र धरती पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर साल श्रद्धालु इस त्योहार को एकता, आपसी-भाईचारे और करुणा के रंगों के साथ मनाते हैं। श्रद्धालुओं के लिए ट्रैफिक, वाहनों की पार्किंग, सुरक्षा प्रबंध, ठहरने की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएं।