पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब में भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) मुद्दे को लेकर पंजाब सरकार पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस मुद्दे को लेकर मिलने जा रहे हैं। पंजाब सरकार की ओर से मिलने का समय मांगा गया है।
बीबीएमबी के साथ ही यूक्रेन संकट पर भी मुख्यमंत्री चन्नी अमित शाह से चर्चा करेंगे। इससे पहले पंजाब सरकार इस मुद्दे को लेकर पंजाब के मुख्य सचिव से आपातकालीन कैबिनेट बैठक आयोजित करने की मांग कर चुकी है।
सरकार की ओर से संभावना जताई गई है कि सोमवार को अनुमति मिलते ही कैबिनेट बैठक का आयोजन किया जाएगा। विकल्प के तौर पर अनुमति नहीं मिलने पर कांग्रेस की ओर से सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया जाएगा। इन सबके बीच अब मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बीबीएमबी के मुद्दे और यूक्रेन में फंसे पंजाबी युवाओं की स्वदेश वापसी को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने का समय मांगा है।
पंजाब सरकार की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि राज्य के लिए ये दोनों मुद्दे महत्वपूर्ण हैं, इसलिए केंद्र सरकार से राज्य सरकार की ओर से इस पर चर्चा करना बेहद जरूरी है। हालांकि अभी तक इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया है। उम्मीद यह जताई जा रही है कि सोमवार को स्वीकृति मिलने के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी दिल्ली रवाना होंगे।