पंचकूला। चार्टर्ड अकाउंटेंट की परीक्षा में पंचकूला की सुहावी जिंदल ने ऑल इंडिया में 19वां रैंक करने के साथ ही ट्राइसिटी में पहला स्थान हासिल किया है। सुहावी अग्रवाल सभा पंचकूला के संयोजक अमित जिंदल की बेटी हैं। सीए की परीक्षा में उनका यह पहला प्रयास था। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतना अच्छा प्रदर्शन होगा। सुहावी की सफलता से पूरे परिवार में खुशी की लहर है क्योंकि उनके परिवार में इंजीनियर तो बहुत हैं, लेकिन कोई सीए पहली बार बना है। सीए बनने की इच्छा रखने वाले युवाओं को सुहावी ने संदेश दिया कि सबसे जरूरी है एक प्लान के साथ आगे बढ़ना। तैयारी करते हुए यह समझना चाहिए कि हम सही दिशा में हैं या नहीं। हर रोज पढ़ना चाहिए यही सफलता की कुंजी है।
सुहावी ने हंसराज स्कूल सेक्टर-6 पंचकूला से 10वीं, सेंट कबीर सेक्टर-26 चंडीगढ़ से 12वीं और एसडी कॉलेज चंडीगढ़ बीकॉम की है। उन्होंने कहा कि रोजाना 12 से 14 घंटे पढ़ाई की। सोशल मीडिया से उन्होंने पूरी तरह दूरी बनाई हुई थी। उन्हें बैडमिंटन, रीडिंग और ट्रैवलिंग का शौक है।
सुहावी जिंदल ने बताया कि उन्हें पहले उम्मीद नहीं थी कि इतना अच्छा रैंक आ जाएगा क्योंकि कुछ प्रश्न छूट गए थे। उन्होंने कहा, ‘मुझे शुरू से ही शौक था कि परिवार की लाइन से हटकर कुछ करना है। अकाउंट्स में रुचि थी और आज मुझे खुशी है कि मैं सीए बन गई हूं।
उन्होंने बताया कि उन्होंने जुलाई 2021 से तैयारी शुरू की थी। सुबह उठकर पढ़ाई करती थीं और उसके बाद 10 से 7 ऑफिस चली जाती थीं। शाम को खेलती थीं और फिर दोबारा पढ़ाई करती थीं।
पिता अमित जिंदल ने कहा कि बच्चों में कुछ नया करने की लालसा है। बड़ी बेटी अक्षिना जिंदल बीटेक है और उसने अपनी कंपनी बबल मी खोली है। छोटी बेटी ने सीए बनकर समाज एवं देश के काम आने का फैसला लिया है। सुहावी की माता गार्गी जिंदल ने बताया कि उनकी बेटी को बचपन से ही पढ़ाई की लगन थी।