पंचकूला। ट्रेडिंग के नाम पर अज्ञात ठगों ने चंडीमंदिर निवासी एक महिला से 3.45 लाख रुपये ठग लिए। महिला की शिकायत पर सेक्टर-20 साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 जुलाई 2025 को उनके मोबाइल फोन पर अनामिका डेका नाम की टेलीग्राम आईडी से ट्रेडिंग करने का लिंक भेजा गया। पहले तो उन्होंने मना कर दिया लेकिन लगातार मैसेज आने पर झांसे में आ गई। इसके बाद 8 अगस्त को एक और लिंक भेजा गया, जिस पर क्लिक करने से वेबसाइट खुल गई। ठगों ने उनके नाम से वेबसाइट पर आईडी बना दी और निवेश करने के लिए अलग-अलग यूपी आईडी पर पैसे भेजने के लिए कहा। महिला ने बताया कि 10 से 13 अगस्त के बीच उन्होंने 3.45 लाख रुपये विभिन्न खातों पर ट्रांसफर किए। वेबसाइट पर उसके अकाउंट में मुनाफे के साथ 5.29 लाख रुपये दिखाए गए। जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो ठगों ने टैक्स के नाम पर एक लाख रुपये अतिरिक्त जमा कराने की मांग की। उन्होंने मना किया और कहा कि टैक्स राशि सीधे मुनाफे में से काट ली जाए तो ठगों ने जवाब देना बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें समझ आया कि धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई।