फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धनतेरस पर धन वर्षा, साढ़े तीन करोड़ के बिके बर्तन, खिले दुकानदारों के चेहरे

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। धनतेरस पर बाजार में जमकर धनवर्षा हुई। इससे व्यापारी और दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आए। व्यापारियों के मुताबिक, मंगलवार को चंडीगढ़ में करीब साढ़े तीन करोड़ के बर्तन बिके। इतना ही नहीं, सोने-चांदी के गहनों और सिक्कों की भी लोगों ने खूब खरीदारी की। बड़ी संख्या में लोगों के बाजारों में पहुंचने के कारण मध्य मार्ग से लेकर अन्य मार्गों पर यातायात धीमा रहा। लाइट प्वाइंटों को पार करने में 15 से 20 मिनट तक का समय लग रहा था। कई बाजारों में तो पार्किंगों में गाड़ी लगाने तक की जगह नहीं थी। हालांकि बाजार में उमड़ी भीड़ से करीब दो साल बाद व्यापारियों के चेहरे पर खुशी देखी।
विज्ञापन

मंगलवार को सुबह दुकान खुलते ही ग्राहकों के आने का क्रम शुरू हो गया। दोपहर तक दुकानों में भारी भीड़ उमड़ने लगी। खासकर बर्तन की दुकानों पर ज्यादा भीड़ रही। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बर्तन महंगा होने के बावजूद लोगों में उत्साह था। ढाई लाख के डिनर सेट से लेकर चार सौ रुपये तक की थाली मार्केट में उपलब्ध थी। बर्तनों में कांसा, पीतल और स्टील के डिनर सेट की खूब बिके। बर्तन व्यापारियों ने बताया कि इस बार बाहर से माल कम मंगवाया था। दिल्ली और मुरादाबाद के अलावा कोरिया का जूसर और श्रीलंका की क्रॉकरी की काफी चर्चा रही। सेक्टर-19, 22, 41, 20 की तरफ जाने वाली सड़क पर दिनभर जाम की स्थिति रही।
ढाई लाख का डिनर सेट, चढ़ी है सोने की परत
श्रीलंका में बना 24 कैरेट सोने की परत वाला डिनर सेट (21 पीस) की कीमत 95 हजार रुपये जबकि 45 पीस वाले डिनर सेट की कीमत दो लाख और 61 पीस वाले की कीमत ढाई लाख रुपये है। कप प्लेट की कीमत 25 हजार रुपये, टी सेट की कीमत 50 हजार रुपये है। अलग-अलग ब्रांड के केक सेट 3250 रुपये, सोने की परत चढ़ी बाउल और ग्लास का सेट 12950 रुपये का है, जबकि जिस पर गोल्ड की परत नहीं है, वह सात हजार रुपये का है। कोरिया का जूसर 40 हजार रुपये का है। आटा गूंथने वाली मशीन (डगमेकर) 25 हजार रुपये की है। इन सभी की अच्छी बिक्री हुई।
विज्ञापन

बातचीत
उम्मीद पर खरा रहा बर्तन का कारोबार
इस बार अच्छा कारोबार हुआ है। मार्केट में काफी रौनक रही। लोग काफी संख्या में खरीदारी के लिए पहुंचे। पिछले वर्ष की तुलना में बर्तन की कीमतें 40 प्रतिशत तक अधिक हैं। इसके बावजूद लोगों का उत्साह बरकरार है।
-अंकुश जिंदल, बर्तन कारोबारी, सेक्टर-20
बाजार में आकर लोगों ने मनाई खुशी
इस बार कारोबार बहुत अच्छा हुआ। कोविड के कारण पिछले साल काफी कम संख्या में लोग मार्केट में आए थे। लोगों ने कोविड के टीके लगवाए हैं, जिससे संक्रमण कम हुआ है, इसलिए बाजार में उछाल आया है।
-नरेश गर्ग, वरिष्ठ सलाहकार, चंडीगढ़ क्राकरी एंड बर्तन एसोसिएशन
उम्मीद के अनुसार मार्केट में रही रौनक
धनतेरस पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। उम्मीद है कि अब बाजार में रफ्तार बनी रहेगी। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार खरीदारी अच्छी हुई। बर्तन की दुकानों में काफी भीड़ रही।
-अक्षित अग्रवाल, व्यापारी, इंडस्ट्रियल एरिया फेज 2 चंडीगढ़
बाजार गुलजार, कारोबारी खुश
धनतेरस पर मार्केट में हर ओर खुशी है। बड़ी संख्या में खरीदार घरों से बाहर निकले। बर्तन से लेकर गहने, गाड़ियां, कपड़े, क्रॉकरी और इलेक्ट्रानिक आइटमों की खूब बिक्री हुई। लोगों के साथ दुकानदारों में उत्साह नजर आया।
विज्ञापन

-चरणजीव सिंह, प्रधान, चंडीगढ़ व्यापार मंडल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें