चंडीगढ़। यूटी स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. अमनदीप कंग का कार्यकाल 30 सितंबर 2021 को पूरा हो रहा है। यूटी प्रशासन ने नए स्वास्थ्य निदेशक की नियुक्ति के लिए पंजाब से आए तीन डॉक्टरों का साक्षात्कार लिया है। अब रिपोर्ट बनाकर मंजूरी के लिए फाइल प्रशासक वीपी सिंह बदनौर के पास भेज दी गई है। वह ही तय करेंगे कि चंडीगढ़ का अगला स्वास्थ्य निदेशक कौन होगा।
यूटी प्रशासन के कार्मिक विभाग ने पंजाब सरकार से स्वास्थ्य निदेशक पद के लिए तीन अधिकारियों का एक पैनल मांगा था। पंजाब सरकार ने लुधियाना के स्वास्थ्य विभाग की उप निदेशक डॉ. सुमन, मोहाली में सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल और जीएमएसएच-16 के जनरल मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. अमरजीत सिंह का नाम प्रस्तावित किया था। प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल, गृह सचिव अरुण कुमार गुप्ता व अन्य अधिकारियों की कमेटी ने सोमवार को तीनों डॉक्टरों से बातचीत के बाद रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेज दी है। सलाहकार धर्मपाल ने कहा कि प्रशासक ही स्वास्थ्य विभाग के निदेशक के नाम पर आखिरी फैसला लेंगे।