रीवा-रींगस-फुलेरा रेलखंड पर डबलिंग कार्य के चलते 13 फेरों के लिए बदला मार्ग, यात्रियों को अपडेट लेने की सलाह
अगस्त और सितंबर में 13 फेरों पर लागू रहेगा बदलाव
रेलवे ने यात्रा से पहले 139 और एनटीईएस ऐप से जानकारी लेने को कहा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। चंडीगढ़ से बांद्रा टर्मिनस जाने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में रीवा-रींगस-फुलेरा रेलखंड पर डबलिंग (दोहरीकरण) कार्य के चलते ट्रेन संख्या 22452 चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन अपने निर्धारित रीवा-रींगस-फुलेरा मार्ग के बजाय रीवा-अलवर-जयपुर-फुलेरा रूट से होकर चलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कुंड, पाली और खोरी स्टेशनों के बीच चल रहे डबलिंग कार्य के कारण यह निर्णय लिया गया है। बदले हुए मार्ग से ट्रेन का संचालन यात्रियों की सुरक्षा और रेल यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए किया जा रहा है।
13 फेरों तक लागू रहेगा नया रूट
रेलवे के अनुसार, यह बदलाव कुल 13 फेरों के लिए लागू रहेगा। अगस्त 2026 में 12, 16, 19, 23, 26 और 30 तारीख को ट्रेन बदले हुए मार्ग से चलेगी। वहीं सितंबर 2026 में 2, 6, 9, 13, 16, 20 और 23 तारीख को भी यही व्यवस्था रहेगी।
यात्रा से पहले लें अपडेट
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के रूट और समय की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, पूछताछ केंद्र या एनटीईएस ऐप के माध्यम से ट्रेन से संबंधित अपडेट ले सकते हैं, ताकि सफर के दौरान किसी परेशानी से बचा जा सके।