चंडीगढ़। डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग को निर्देश जारी कर प्रशासन ने कहा है कि 10 अक्तूबर से मौलीजागरां में दोनों विभाग तालमेल के साथ अभियान चलाएं। फॉगिंग करें और लापरवाहों को नोटिस जारी करें। पंफलेट से लोगों को जागरूक करें।
प्रशासन ने निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा को निर्देश जारी कर कहा है कि इस अभियान के लिए 5 सफाई निरीक्षक, 50 बेलदार, एक गाड़ी, 4 फॉगिंग मशीन उपलब्ध कराएं। वहीं, स्वास्थ्य निदेशक डॉ. सुमन सिंह को निर्देश जारी कर कहा है कि हॉटस्पॉट एरिया चिह्नित करें। रविवार को मौलीजागरां से इस अभियान को शुरू करें। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर सर्वे करें। जलभराव व मच्छर पैदा होने वाली जगहों को चिह्नित करें। निगम को वह जगह बताकर फॉगिंग व दवा का छिड़काव कराना होगा। लोगों को पंफलेट व अनाउंसमेंट से जागरूक कराना होगा। फिर भी न मानने वालों को नोटिस जारी कर कार्रवाई करें। इस पूरे अभियान की रिपोर्ट प्रशासन को देनी होगी। मोहाली और पंचकूला में लगातार डेंगू और मलेरिया के केस बढ़ने के बाद चंडीगढ़ में भी केस मिलने लगे हैं। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए निगम व स्वास्थ्य विभाग को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।