फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चैत्र नवरात्र : मंदिर में 15 मिनट में 400 श्रद्धालु कर सकेंगे माता के दर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। इस बार 13 से 21 अप्रैल तक होने वाले चैत्र नवरात्र में श्रद्धालु ऑनलाइन के अलावा बड़ी संख्या में मंदिर में मौजूद रहकर माता के दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं। जहां उनके स्वागत के लिए सिंह द्वार से लेकर माता मनसा देवी मंदिर तक के मार्ग को रंग-बिरंगी लाइटों सजाया जाएगा। वहीं, श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की शुरूआत हो चुकी है। मंदिर में 15 मिनट में 400 श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था की जा रही है।
विज्ञापन

लक्ष्मी भवन धर्मशाला के समीप चार एकड़ में बच्चों के झूले और अन्य मनोरंजन के उपकरण भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने चैत्र नवरात्र के आयोजन की व्यवस्था को लेकर श्रीमाता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के गैर सरकारी सदस्यों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जिला उपायुक्त एवं श्रीमाता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य प्रशासक मुकेश कुमार आहूजा भी उपस्थित थे।
दर्शनों के लिए करवाना होगा रजिस्ट्रेशन
बैठक में निर्णय लिया गया कि चैत्र नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भौतिक और ऑनलाइन तरीके से माता मनसा देवी के दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। भौतिक रूप से प्रतिदिन 15 मिनट में 400 श्रद्धालुओं के हिसाब से दर्शन की व्यवस्था की गई है, जो श्रद्धालु लिफ्ट और एंट्री के माध्यम से माता के दर्शन करने के इच्छुक हैं, वे 50 रुपये प्रति श्रद्धालु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। हालांकि एक घंटे में लिफ्ट के माध्यम से 100 श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था है, लेकिन कोविड-19 के मामलों में आई भारी गिरावट को देखकर इस संख्या को और बढ़ाया जा सकता है।
विज्ञापन

दर्शन के बाद मिलेगा हलवे का प्रसाद
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन कर भंडारे को फिर से शुरू किया जाएगा। इसके अलावा इस बार प्रसाद में पहले की तरह हलवा भी परोसा जाएगा। पहले की तरह इस बार चैत्र नवरात्रों में प्रतिदिन हवन भी किया जाएगा, इसमें वीआईपी और अन्य गणमान्य लोगों को भी आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही शाम को प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा और माता का जागरण भी होगा। चैत्र नवरात्रों के दिनों में माता मनसा देवी के मुख्य द्वार के समीप लगने वाली मार्केट के लिए जगह की नीलामी ई-टेंडरिंग के माध्यम से पारदर्शी तरीके से की जाएगी।
सुरक्षा के लिए 122 नए सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
ज्ञानचंद गुप्ता ने माता मनसा देवी परिसर और काली माता मंदिर कालका में माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड द्वारा करवाए जा रहे अनेक विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने निर्देश दिए कि माता मनसा देवी परिसर में 122 नये सीसीटीवी लगाने के लिए शीघ्र ही टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। साथ ही इस कार्य को सीएसआर स्कीम के माध्यम से करवाने के लिए संभावनाओं को भी तलाशा जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि श्री काली माता मंदिर कालका को और विकसित करने के लिए मंदिर के अधीन आने वाली भूमि की नए सिरे से विकास योजना तैयार की जाए। मुख्य सिंह द्वार का कार्य शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा। यह भव्य द्वार अपने आप में अनूठा होगा और पंचकूला को एक नई पहचान देगा।
कॉरिडोर का काम नवरात्र से पहले होगा पूरा
मंदिर के साथ-साथ बनाए जा रहे नए कॉरिडोर का काम चैत्र नवरात्रों से पहले पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। बैठक में बताया गया कि कालका में दो शक्ति स्तंभों के निर्माण कार्य में 24.58 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। काली माता मंदिर के समीप बनाए जा रहे शक्ति स्तंभ का कार्य पूरा कर लिया गया है। पिंजौर के समीप बनाए जा रहे दूसरे स्तंभों का ढांचा बनकर तैयार है। इस मौके पर श्रीमाता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की सचिव शारदा प्रजापति, काली माता मंदिर के सचिव पृथ्वीराज के अलावा बोर्ड के गैर सरकारी सदस्य बंतो कटारिया, अजय शर्मा, कमल अवस्थी, अमित जिंदल, हरबंस सिंगला और नरेंद्र जैन उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें