सेक्टर-16 में बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-16 में शनिवार दोपहर बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौट रही एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सेक्टर-16 निवासी मीनाक्षी शनिवार दोपहर अपने बच्चों को स्कूल से लेकर पैदल घर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और दोनों आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। सूचना मिलने पर सेक्टर-16 पुलिस चौकी से जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।