पंचकूला। मेयर एवं अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष कुलभूषण गोयल ने कहा है कि महाराजा अग्रसेन एक पौराणिक कर्मयोगी, राम राज्य के समर्थक और महादानी थे। वीरवार को महाराजा अग्रसेन जयंती पर मेयर कुलभूषण गोयल ने सेक्टर-16 स्थित चौक पर लगे महाराजा अग्रसेन के स्मृति चिह्न पर पुष्प अर्पित किया।
गोयल ने इसके बाद एक कार्यक्रम में कहा कि महाराजा अग्रसेन का जन्म द्वापर युग के अंत और कलयुग के प्रारंभ में हुआ था। वे भगवान श्रीकृष्ण के समकालीन थे। महाराजा अग्रसेन का जन्म आश्विन शुक्ल पक्ष प्रतिपदा को हुआ, जिसे अग्रसेन जयंती के रूप में मनाया जाता है। कुलभूषण गोयल ने बताया कि अग्रसेन जयंती पर समुदाय द्वारा अग्रसेन महाराज की भव्य झांकी व शोभायात्रा निकाली गई और अग्रसेन महाराज का पूजन पाठ, आरती की गई। राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री राम प्रकाश, नई दिल्ली, चंडीगढ़, नागालैंड, हरियाणा महिला अध्यक्ष गुजरात और हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई जिलों के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।