शादीशुदा युवक पर शारीरिक शोषण और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
चंडीमंदिर थाना क्षेत्र की युवती ने दर्ज कराई शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीमंदिर। चंडीमंदिर थाना क्षेत्र की एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल पुलिस गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह पंचकूला में अपने मामा के घर रह रही है। इसी दौरान मामा के पड़ोस में रहने वाले एक शादीशुदा युवक से उसकी जान-पहचान हुई। आरोप है कि युवक ने अपनी पत्नी को छोड़कर उससे शादी करने का भरोसा दिया और इसी आधार पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देकर उसका शोषण करता रहा।
शादी का दबाव बनाने पर किया इन्कार
शिकायत के अनुसार 23 जून को आरोपी ने उसे अपने बाड़े में बुलाया और उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने शादी करने की बात कही तो आरोपी ने इंकार कर दिया। उसने कहा कि वह अपनी पत्नी और बच्चों को नहीं छोड़ सकता। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस बारे में अपने परिजनों को बताने की बात कही तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।