माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पंचकूला में स्कूटी की डुप्लीकेट नंबर प्लेट बनाकर इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। पंचकूला के सेक्टर-20 निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी स्कूटी की नंबर प्लेट की डुप्लीकेट नंबर प्लेट बनवाकर कोई अन्य इस्तेमाल कर रहा है।
मुकेश को अप्रैल 2024 में एक ऑनलाइन ट्रैफिक चालान मिला, जिसमें उनकी स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर था, लेकिन फोटो में दिखाई देने वाला वाहन और उस पर सवार लोग अजनबी थे। मुकेश कुमार ने बताया कि चालान में जिस स्कूटी की तस्वीर आई है, उसका रंग उनकी असली स्कूटी से अलग था। उसमें जो नंबर प्लेट लगी थी। वो भी हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं थी। शिकायत पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उस व्यक्ति या गिरोह की तलाश में है, जिसने मुकेश की नंबर प्लेट की नकल कर उसका दुरुपयोग किया।