कालका। मंगलवार को कालका-पिंजौर रेलवे फाटक पर ट्रैक मेंटेनेंस मशीन व कार में हुई भिड़ंत को लेकर जीआरपी ने आईपीसी व आरपीएफ ने रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जीआरपी ने मामले में ट्रैक मेंटेनेंस मशीन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जीआरपी जांच अधिकारी सुखवीर ने बताया कि ट्रैक मेंटेनेंस मशीन को निगरानी में रखा गया है। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना को लेकर गेटमैन से लेकर रेलवे के संबंधित अधिकारियों से भी बातचीत की जा रही है। वहीं, आरपीएफ ने रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रैक मेंटेनेंस मशीन के चालक सहित एक रेल कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरपीएफ प्रभारी एसआर मीना ने बताया कि ट्रैक मेंटेनेंस मशीन जोकि कहीं रेलवे स्टेशन में समीप कार्य कर रही थी उसे बिना किसी को सूचित किए कालका-पिंजौर रेलवे फाटक की और भेज दिया गया। इससेहादसा हो गया। घटनाक्रम में चालक सहित रेल कर्मी (पीडब्लूआई) के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
क्या था मामला
मंगलवार देर शाम कालका-पिंजौर रेलवे फाटक बंद न होने के चलते एफबीडब्ल्यू ट्रैक मेंटेनेंस मशीन कालका से पिंजौर जा रही एक कार से जा टकराई थी। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। वहीं, मशीन चालक मौके से फरार हो गया था। घटना में कार चालक प्रेम सिंह के सिर पर चोट आई थी। घटना की जानकारी मिलने पर आरपीएफ व जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। वहीं, घटना को लेकर फिलहाल जीआरपी ने ट्रैक मेंटेनेंस मशीन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है जांच जारी है।