पंचकूला। नेशनल हेल्थ मिशन की तरफ से कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के पद पर नौकरी पाने के लिए फर्जी एमएलएचपी (मिड लेवल हेल्थ प्रोवाइडर) सर्टिफिकेट जमा करवाने का एक और मामला सामने आया है। सेक्टर-5 पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने अभ्यर्थी और फर्जी सर्टिफिकेट जारी करने वाले नर्सिंग इंस्टीट्यूट दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इससे पहले भी पुलिस पांच अभ्यर्थियों और इंस्टीट्यूट के खिलाफ मामला दर्ज कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, राजस्थान के ढोलपुर निवासी नीतिश ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित शिवनाथ सिंह नर्सिंग कॉलेज से नर्सिंग का कोर्स किया था। कॉलेज की तरफ से एमएलएचपी सर्टिफिकेट जारी किया गया। इसके आधार पर नीतिश ने हरियाणा नेशनल हेल्थ मिशन की तरफ से कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की निकाली गई भर्ती के लिए आवेदन किया। उसने सर्टिफिकेट जमा करवाए थे। 17 जून 2022 को वह कागजातों की वेरिफिकेशन के लिए एनएचएम ऑफिस पहुंचा था। जांच के दौरान उसके द्वारा जमा करवाए एमएलएचपी सर्टिफिकेट फर्जी मिले।
पांच मामले पहले भी दर्ज हो चुके
फर्जी एमएलएचपी सर्टिफिकेट के पहले भी पांच मामले दर्ज हो चुके हैं। 15 जून को तीन मामले, 5 जुलाई को एक और 25 जुलाई को भी एक मामला दर्ज हो चुका है। इन सभी मामलों में अभ्यर्थियों और नर्सिंग इंस्टीट्यूट हेड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।