संवाद न्यूज एजेंसी
खरड़। थाना सिटी पुलिस ने एक दुकानदार के साथ मारपीट करने के आरोप में करीब 24 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने प्रवीन कुमार नामक दुकानदार निवासी स्वराज नगर खरड़ के बयान पर मारपीट का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में प्रवीन कुमार ने कहा है कि वह अपने घर के सामने ही करियाने की दुकान करता है।
सोमवार को दोपहर दुकान पर चार युवक एक स्काॅर्पियो कार में आये और दुकान में रखे फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक निकालने लगे। वह आपस में अभद्र शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे।
प्रवीन कुमार ने जब इन लोगों को गाली गलौज से रोका तो इन लोगों ने प्रवीन कुमार से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब लोग पहुंचने लगे तो युवक फरार हो गए। प्रवीन कुमार ने बताया कि कुछ समय बाद ये युवक वहां आये और अपने 20-25 साथियों समेत दुकान पर हमला कर दिया, इस दौरान उसकी माता और उसके दोस्त को भी चोटें आ गईं। उन्होंने बताया कि इस घटना संबंधी थाना सिटी खरड़ को शिकायत दे दी है। पुलिस ने प्रवीन कुमार के बयान पर कार्रवाई करते हुए आशीष, गोनी, मंगल के लड़के और सुभाष के लड़के समेत 20-25 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।