पंचकूला। खड़क मंगोली गेट नंबर -3 के पास जन्मदिन की पार्टी में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मृतक करन की पत्नी काजल ने शिकायत दर्ज कराई है।
बुधवार देर रात 1:30 बजे खड़क मंगोली में गेट नंबर -3 के पास रहने वाला करन अपने दोस्त अमित कुमार के जन्मदिन की पार्टी में गया था। करीब 2 बजे डीजे पर डांस के दौरान करन को अमित व अन्य युवकों ने धक्का दे दिया। करन ने विरोध किया तो अमित, विशाल, विनय, बाबा, गौरव सहित अन्य ने उसे पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान अमित ने करन के पेट में चाकू से ताबड़तोड़ तीन वार कर दिए। लहूलुहान करन जमीन पर गिर पड़ा और तड़पते हुए उसने वहीं दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। करन की हत्या की जानकारी उसकी पत्नी काजल को सुबह 6 बजे मिली। काजल ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने करन का शव सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में रखवा दिया। सेक्टर-5 थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। करन का पोस्टमार्टम शुक्रवार को होगा।
नियमों का उल्लंघन: रात्रि कर्फ्यू में पार्टी
पंचकूला सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट एसके नैय्यर ने बताया कि कोरोना के कारण पंचकूला में देर रात डीजे की अनुमति नहीं होती है। इसके बाद भी पुलिस की कमजोर गश्त के कारण खड़क मंगोली में देर रात 1.30 बजे डीजे बजाकर नियमों की अनदेखी की गई।
कोट
हत्या के मामले की जांच पुलिस कर रही है। अगर कहीं पर भी डीजे रात में बजेगा तो नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-मोहित हांडा, डीसीपी, पंचकूला पुलिस