उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार और बीते चार माह से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे किसानों के बीच जारी तनाव के दौरान पंजाब के कई हिस्सों में शनिवार को भाजपा नेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोध करना किसानों का लोकतांत्रिक अधिकार है लेकिन किसी भी हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमले को रोकने का प्रयास करते हुए घटनास्थल से पुलिस ने अन्य भाजपा नेताओं को सुरक्षित निकाला है। तनाव को हल करने के लिए प्रधानमंत्री के तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से किसी भी तरह की देरी से आंदोलनकारी किसानों के बीच अशांति बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि किसान चार माह से सड़कों पर हैं, वहीं केंद्र सरकार मसला सुलझाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा रही है। इससे किसानों में गुस्सा बढ़ रहा है।
डीजीपी ने बताया कि विधायक और पुलिस अधिकारियों पर हमला करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाजपा नेता का बयान रिकॉर्ड कर लिया गया है और उसके आधार पर इस मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
इस्तीफा मांगने के बजाय केंद्र पर दबाव बनाएं भाजपा नेता : कैप्टन
भाजपा विधायक पर हमले की घटना को लेकर मुख्यमंत्री से इस्तीफे की पंजाब भाजपा नेताओं द्वारा की गई मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कैप्टन ने कहा कि इस घटना से राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने के बजाय, भाजपा नेताओं को विवादास्पद कानून वापस लेने के लिए अपने केंद्रीय नेतृत्व पर दबाव डालना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के बीच पैदा हुए गुस्से के बारे में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जाना चाहिए, जिसने किसानों के मुद्दे से देश को भटकाने की कोशिश की है।
ब्रह्म मोहिंदरा ने नारंग पर हमले की निंदा की
पंजाब के स्थानीय निकाय और संसदीय मामलों के मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा ने अबोहर से भाजपा विधायक अरुण नारंग पर मलोट पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधि से सार्वजनिक स्थल मारपीट शर्मनाक और अति निंदनीय है। इस घटना में शामिल लोगों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा, क्योंकि पंजाब सरकार किसी को भी हिंसा की अनुमति नहीं देगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने भी की कड़ी भर्त्सना
पंजाब विधानसभा के स्पीकर राणा केपी सिंह ने भाजपा विधायक अरुण नारंग पर हमले की कड़ी भर्त्सना की है। शनिवार को जारी बयान में स्पीकर ने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि यह न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि अत्यधिक निंदनीय है कि लोगों का प्रतिनिधि निर्दयता से सार्वजनिक स्थल पर पीटा गया है। हम किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं का उद्देश्य किसानों के आंदोलन को बदनाम करना और उसे कमजोर करना है।