चंडीगढ़। पंजाब में पंचायत समिति चुनाव में 351 सीटों पर प्रत्याशी बिना चुनाव लड़े विजयी घोषित हो गए हैं। इनमें 340 प्रत्याशी आप, 3 प्रत्याशी कांग्रेस व 8 प्रत्याशी आजाद हैं। नामांकन पत्रों में त्रुटियों की वजह से कुछ प्रतिद्वंद्वी मैदान से हट गए तो कुछ सीटों पर दलों ने अपने प्रत्याशी ही नहीं उतारे। बताते चलें कि रविवार को सूबे में जिला परिषद व पंचायत समिति के चुनाव हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान उक्त आंकड़ा पेश करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी पंचायत समिति की 2771 सीटों पर, कांग्रेस 2433, शिरोमणि अकाली दल 1814, भाजपा 1127, बसपा 195 व शिअद (अमृतसर) 3 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि 686 प्रत्याशी बतौर आजाद चुनावी रण में उतरे हैं। इसी तरह जिला परिषद के लिए कांग्रेस 331, शिरोमणि अकाली दल 298, भाजपा 215, बसपा 50, शिअद (अमृतसर) 4 व आप ने 340 से अधिक सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं जबकि 143 आजाद प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष द्वारा लगाए गए उन आरोपों को सिरे से खारिज किया जिसमें कहा गया था कि उनके उम्मीदवारों को परेशान किया गया है, जिस वजह से वे नामांकन नहीं भर पाए। असल बात तो यह है कि विरोधी दलों को कई सीटों पर तो योग्य उम्मीदवार ही नहीं मिले। कई सीटों पर उनके परचे नामांकन पत्रों में त्रुटियों की वजह से रद्द हुए। हर पार्टी को इन खुली चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारकर चुनाव लड़ने का उचित अवसर मिला है।