चंडीगढ़। सेक्टर-25/38 के लाइट प्वाइंट के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब नाके पर कैब नहीं रुकने पर एक कांस्टेबल ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से उसका पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही कैब पीयू गेट नंबर-3 के पास पहुंची तो ड्राइवर कांस्टेबल को टक्कर मार फरार हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घायल पुलिसकर्मी को जीएमएसएच-16 पहुंचाया गया। वहीं सेक्टर-11 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कैब चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 12.20 बजे की है। सेक्टर-25/38 के लाइट प्वाइंट पर हेड कांस्टेबल सलविंदर और कांस्टेबल रविंदर की ड्यूटी थी। इतने में एक पंजाब नंबर की कैब वहां से गुजर रही थी, लेकिन चालक ने यूनिफार्म नहीं पहनी थी। पुलिस टीम ने देखा तो कैब को रुकवाना चाहा, जैसे ही चालक को लाइसेंस दिखाने को कहा गया तो वह वहां से तेज रफ्तार से फरार हो गया। इस हादसे में सलविंदर और रविंदर बाल-बाल गच गए। इतने में रविंदर ने अपनी बुलेट से कैब का पीछा करना शुरू कर दिया। पंजाब यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-3 के पास ज्यादा जाम लगने के कारण चालक को मजबूरन कैब को धीमा करना पड़ा। इस दौरान रविंदर जब कैब चालक के पास पहुंचा तो वह रुकने के बजाय उसे टक्कर मार फरार हो गया। इससे रविंदर बीच सड़क पर गिर गया और उसके पैर में गंभीर चोटें आई। शोर शराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित कांस्टेबल का बयान दर्ज कर कैब चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया गया कैब भगाने के दौरान उसने और भी लोगों को टक्कर मारी है। फिलहाल सेक्टर-11 थाना पुलिस कैब के नंबर से आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि हाल ही में सेक्टर-49 पुलिस स्टेशन के अंतर्गत एक तेज रफ्तार स्कोडा कार चालक एक कांस्टेबल को टक्कर मारकर फरार हो गया था।