पंचकूला। सेक्टर-5 पंचकूला बस स्टैंड से लॉकडाउन के चलते भी मंगलवार से यात्रियों के लिए दिल्ली और गुरुग्राम रूट की बसों का संचालन किया गया। इससे लोगों को राहत मिली है। मंगलवार से सभी रूट पर पंचकूला से 35 बसों का संचालन किया गया।
सेक्टर-5 बस स्टैंड के जीएम रविंदर पाठक ने बताया कि बस स्टैंड से बसों का संचालन बढ़ाया गया है। बसों का संचालन शुरू होने के बाद लोगों को सफर में राहत मिलेगी। सफर के लिए लोगों ने ऑनलाइन बुकिंग करवाई। बुकिंग होने के बाद लोगों को सफर करने का मौका मिला। ऑनलाइन टिकट कंफर्म होने के बाद ही पंचकूला बस स्टैंड आए बस में चढ़ने दिया गया। हर रूट पर चलने वाली बसों में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए केवल 30 लोगों को चढ़ने दिया गया।
बस का संचालन सुबह छह बजे से शुरू हुआ। पंचकूला से यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उन्हें बस में बैठाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से थर्मल स्क्रीनिंग करने के लिए उन्हें मशीनें मुहैया कराई गईं। सभी यात्रियों की बस में चढ़ने से पहले थर्मल स्क्रीनिंग की गई। पंचकूला बस स्टैंड के जीएम रविंद्र पाठक ने बताया कि पंचकूला बस स्टैंड से अंबाला, भिवानी, हिसार, कैथल, करनाल नारनौल, पंचकूला, रोहतक, रेवाड़ी, सिरसा डिपो के लिए बसों का संचालन हुआ। इसके अलावा दिल्ली और गुरुग्राम की बसों का संचालन होने से यात्रियों को राहत मिली।