पंचकूला। कालका-पंचकूला हाईवे पर बुधवार दोपहर को हाईवे के साथ लगती सर्विस रोड पर खड़े ट्रक में अचानक एक निजी बस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। निजी बस में सवार करीब 12 लोगों को चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
यह हादसा चंडीमंदिर टोल प्लाजा से करीब 300 मीटर पहले हाईवे के साथ लगती सर्विस रोड पर हुआ है। दोपहर करीब तीन बजे पंचकूला के कालका और पिंजौर की ओर निजी बस जा रही थी। रोड पर खड़े ट्रक में बस चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसकी सूचना पर पुलिस की टीम पहुंची और क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटाया गया। घायलों में किसी के सिर में चोट आई थी तो किसी की टांग और किसी की कमर में चोट आई हैं। सभी घायलों का उपचार इमरजेंसी के डॉक्टर समेत एमओटी के स्टाफ ने इलाज किया। बस चालक को काफी चोटें आने की वजह से उसका उपचार चल रहा है। उसके सिर में चोट आई है।
इस हादसे में हुए घायलों में पिंजौर की सपना ने बताया कि वह पंचकूला में इंटरव्यू देने आई थी और वापस घर जा रही थी। पंचकूला बस स्टैंड से बस लेकर वह पिंजौर जा रही थी कि अचानक हाईवे पर बस सवार ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। वह बस चालक के केबिन में बैठी हुई थी। सपना के चेहरे और कमर पर चोट आई है और उसे उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। शहजादपुर के रंधीर सिंह ने बताया कि वह किसी काम से कालका की ओर बस से जा रहे थे। अचानक जोर की आवाज आई और वह सीट से गिर गए और पैर में चोटें आई हैं। हिमाचल प्रदेश के पंकज दिल्ली से पंचकूला आए थे और बस में बैठकर बद्दी की ओर जा रहे थे। वह बस के सबसे पिछले हिस्से में बैठे थे। इस हादसे में वह बस में सीट से नीचे गिर गए और उनको चोटें आई हैं।
कोट
चंडीमंदिर टोल प्लाजा से पहले हुए इस हादसे में सभी घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-6 के सामान्य अस्पताल में भेज दिया गया है। वहीं क्रेन की मदद से बस को हाईवे के रास्ते से हटा दिया गया है और अभी इस हादसे के कारण का पता लगाया जा रहा है। -सूरजमल, एसआई, चंडीमंदिर थाना।