अंडर-11 बालक और बालिका टीम ने जीता खिताब, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। सेपिएंट वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल पिंजौर के अंडर-11 कबड्डी खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। बालक और बालिका दोनों टीमों ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह पक्की की।
बालक वर्ग में आयुष, रोबिन, विराट, रुद्र राणा और करणवीर का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है, जबकि एकमप्रीत को स्टैंडबाय खिलाड़ी चुना गया। बालिका वर्ग में आराध्या, अर्शिका, रक्षिका, रमनजोत, गुरमीत और हरप्रीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर के लिए चयन हासिल किया।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक संचालक राकेश ठाकुर और प्रधानाचार्या पूजा ठाकुर ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, टीम भावना और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के लिए कोच मोनिका और विक्रम के प्रयासों की भी सराहना की।