पंचकूला। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित सीनियर सेकेंडरी की वार्षिक परीक्षाओं के अंतर्गत आज रसायन विज्ञान, लोक प्रशासन और लेखाशास्त्र विषयों की परीक्षा प्रदेशभर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षाओं की शुचिता को बरकरार रखने के लिए बोर्ड उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर के उड़नदस्ते ने सोमवार पंचकूला जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अचानक दस्तक देकर सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन का जायजा लिया।
उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने विशेष रूप से राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-7 में स्थापित परीक्षा केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात फ्लाइंग स्क्वायड और पर्यवेक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बोर्ड की गरिमा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। बोर्ड उपाध्यक्ष ने स्वयं परीक्षा हॉल में जाकर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली। कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सतर्कता के चलते आज इन केंद्रों पर अनुचित साधन का कोई भी मामला दर्ज नहीं किया गया। उपाध्यक्ष ने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को सचेत करते हुए कहा कि पहचान पत्र पहनना प्रत्येक कर्मचारी के लिए अनिवार्य है। इसके साथ ही, प्रत्येक पर्यवेक्षक को अपने आवंटित कमरे में उपस्थित और अनुपस्थित छात्रों की सटीक संख्या दर्ज करना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों की अनदेखी पाई गई, तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध तुरंत सख्त विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड 12वीं की रसायन विज्ञान का पेपर देकर बाहर आए छात्र राजेश, संदीप, सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पेपर सिलेबस से आया। पेपर को हल करने मे मजा आया। पेपर रमेंं आए सभी प्रश्नों केा हल किया। वहीं लोक प्रशासन और अकाउंटेंसी का पेपर हुआ है।