पंचकूला। सेक्टर-19 में शुक्रवार देर रात नवजात बच्चे की छठी एवं नामकरण समारोह के दौरान शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में दोहरे हत्याकांड में बदल गया। पहले एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई और उसके बाद गुस्साए युवकों ने दूसरे पक्ष के युवक की भी हत्या कर दी। कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक संजीत के पिता विजयपाल ने शिकायत में बताया कि 3 जुलाई की रात उनके पोते की छठी और नामकरण समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें परिवार और रिश्तेदार शामिल थे। शिकायत के अनुसार संजीत और अर्जुन उर्फ चिटा के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी बेटी व अर्जुन आपस में लिव इन रिलेश्नशिप में रह रहे थे। जिस कारण उनका बेटा संजीत अर्जुन से रंजिश रखे हुए था। अब उनकी बेटी व अर्जुन अलग-अलग रहते थे। रात करीब साढ़े 11 बजे अर्जुन समारोह में पहुंचा तो उसकी संजीत और उसके साथियों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष कार्यक्रम स्थल से निकलकर सीआईडी मोड़ की ओर चले गए। अर्जुन वहां से भागकर सीआईडी मोड़ के पास ट्रक यूनियन की पार्किंग में खड़े एक ट्रक में छिप गया। संजीत अपने साथियों के साथ उसकी तलाश करते हुए वहां पहुंच गया। अर्जुन ने तेजधार हथियार से संजीत की छाती पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद संजीत के साथ मौजूद युवकों ने अर्जुन को पकड़ लिया और उस पर हथियारों से हमला कर दिया। हमले में अर्जुन की भी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपियों ने अर्जुन की हत्या की जानकारी नहीं दी
इसके बाद संजीत को गंभीर हालत में सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचाने वाले युवकों ने पुलिस को उस समय अर्जुन की हत्या की जानकारी नहीं दी। संजीत की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहले अस्पताल पहुंची और फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया। शनिवार सुबह सीआईडी मोड़ के पास रेलवे लाइन से सटी ट्रक पार्किंग में अर्जुन का शव मिलने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। वहीं अर्जुन की बहन खुशी की शिकायत पर संजीत, राजीव उर्फ बकरी, चुस्सा, जबली तथा अन्य युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संजीत और उसके साथियों ने योजना बनाकर अर्जुन पर हमला किया। सेक्टर-20 थाना प्रभारी सोमबीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग हत्या के मामले दर्ज कर लिए गए हैं।