पंचकूला। विश्वास फाउंडेशन, श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी डिस्ट्रिक्ट ब्रांच पंचकूला ने रविवार को माता मनसा देवी परिसर में साप्ताहिक रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में 56 रक्तदानियों ने उत्साह से माता के चरणों में रक्तदान किया। शिविर में मास्क, सामाजिक दूरी और सैनिटाइजेशन का खास ध्यान रखा गया।
ब्लड बैंक सिविल अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला की टीम ने डॉक्टर मनोज त्यागी की मौजूदगी में रक्त एकत्रित किया। शिविर के आयोजन में अमर उजाला फाउंडेशन ने अहम भूमिका निभाई। विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि लोगों में यह भ्रम है कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी आती है। रक्तदान के कारण कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि सभी को 90 दिन में एक बार अवश्य ही रक्तदान करना चाहिए। इस रक्तदान शिविर में आए सभी रक्तदानियों को प्रशंसा पत्र, मास्क, साबुन, स्मृति चिन्ह व गिफ्ट देकर प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर विश्वास फाउंडेशन से अविनाश शर्मा, वर्षा शर्मा, पवन मनचंदा, हर्ष मनचंदा व अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।