संवाद न्यूज एजेंसी
राजपुरा। राजपुरा से 2022 के चुनावों में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ चुके प्रमुख भाजपा नेता और लोक भलाई ट्रस्ट के चेयरमैन जगदीश कुमार जग्गा ने मंगलवार को अपने ट्रस्ट के माध्यम से बुजुर्गों को पेंशन वितरित करने का एक कार्यक्रम रखा था।
जब वे सुबह 9 बजे अपने कार्यालय में मौजूद थे, तो राजपुरा पुलिस भारी संख्या में आकर कार्यालय के बाहर के इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया। पुलिस बल ने जगदीश कुमार जग्गा को हिरासत में ले लिया और उन्हें कस्तूरबा पुलिस चौकी ले जाया गया। जैसे ही यह खबर राजपुरा के भाजपा कार्यकर्ताओं तक पहुंची, तो बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता कस्तूरबा पुलिस चौकी के बाहर जमा हो गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जग्गा को जल्द न रिहा किया तो वहीं धरना लगाया जाएगा। जैसे ही यह एलान हुआ भारी पुलिस बल कस्तूरबा चौकी पहुंचा। लगभग दो घंटे हिरासत में रखने के बाद, भाजपा नेता जगदीश जग्गा को पुलिस चौकी से बिना शर्त रिहा कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने अपने कार्यालय आकर बुजुर्गों को पेंशन बांटी। एसडीएम राजपुरा अवकेश गुप्ता ने कहा कि वैसे तो चारदीवारी के अंदर भीड़ इकट्ठा करने के लिए मंजूरी लेने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन अगर स्पीकर लगाना हो तो उसकी मंजूरी लेना जरूरी है।