पंचकूला। महिला से ऑनलाइन ठगी करने के आरोप में पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद अदालत में पेश कर इनमें से दो आरोपियों को 10 दिन के रिमांड पर लिया है। इसके साथ ही रकम की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बाकी के तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद इनसे पूछताछ में आगे से आगे बाकी के आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
साइबर थाना प्रभारी मुनीष कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीते 23 मई को आरोपी मुकुल शर्मा को जिला लखीमपुर, उत्तर प्रदेश को पंचकूला से गिरफ्तार किया था। इससे पूछताछ कर इसकी निशानदेही पर पुलिस ने हल्लोमाजरा से विशाल शाह को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को 24 मई को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। इससे पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि ये दोनों आरोपी बैंक खाते बेचने का काम करते थे। इनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने 24 मई को ही जीरकपुर बस स्टैंड से झारखंड के जामताड़ा जिले के निवासी कमालूदीन अंसारी और दिलकश को गिरफ्तार किया, जो इस ऑनलाइन ठगी के मुख्य आरोपी हैं।
इन दोनों को 25 मई को अदालत में पेश कर 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने दिल्ली के साउथ वेस्ट जिले से आरोपी धर्मवीर को भी 25 मई को गिरफ्तार किया, जो फर्जी दस्तावेज बनाकर गिरोह को उपलब्ध कराता था। आज पुलिस ने मुकुल, विशाल और धर्मवीर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि कमालुदीन और दिलकश से रिमांड के दौरान पूछताछ जारी है।
साइबर थाना में दी शिकायत में पीड़ित महिला शशिबाला पत्नी सुरेंद्र सिंगला निवासी सेक्टर-5 मनसा देवी कॉम्प्लेक्स ने बताया कि वह म्युनिसिपल कमेटी संगरूर से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और घर पर अकेली रहती हैं क्योंकि उनके बच्चे बाहर रहते हैं। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर 2024 को उन्होंने अपने मोबाइल पर ई-पासबुक ऐप के माध्यम से बैंक स्टेटमेंट चेक की तो पाया कि किसी ने उनका मोबाइल फोन हैक करके उनके खाते से 95 हजार रुपये निकाल लिए हैं। इनकी शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर थाना प्रभारी मुनीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस कई जगह पर लगातार छापेमारी कर रही है।